नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना नदी के खतरे के निशान के पार जाने और लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए संबंधित विभाग और मंत्री को विस्थापित लोगों के लिए इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
इसके बाद सोमवार सुबह दस बजे परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने यमुना के आसपास के इलाके में पहुंच कर जायजा लिया। गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र में पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के इंतजाम किये जा रहे हैं। दिल्ली सरकार के मुताबिक अब तक एक हजार से ज्यादा परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।
दरअसल मुख्यमंत्री केजरीवाल ने यमुना किनारे दिल्ली सरकार की ओर से किसी तरह के इंतजाम न किये जाने की एक समाचार-पत्र में छपी खबर को ट्वीट कर मंत्रालय प्रभारी कैलाश गहलोत को सभी अधिकारियों के साथ व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लगातार बारिश छोड़ने और बारिश से सोमवार सुबह नदी का जलस्तर 205.66 मीटर तक बढ़ गया, जबकि खतरे का निशान 204.83 मीटर है। इसके 31 जुलाई तक 206.60 मीटर तक चढ़ने की आशंका है। इस वजह से पुराने यमुना पुल पर ट्रैफिक को भी रोक दिया गया है। दिल्ली सरकार के अनुसार नदी की स्थिति पर नजर रखने के लिए बाढ़ नियंत्रण कक्ष और चौबीसों घंटे काम करने वाले आपात संचालन केंद्र स्थापित किये गए हैं।
एजेंसी